[post-views]

सोहना कांग्रेस का रोडमैप तैयार, खटाखट-खटाखट होंगे विकास कार्य : महेश घोड़ारोप

1,277

गुरुग्राम, 21 जुलाई (ब्यूरो) : कांग्रेस नेता महेश घोड़ारोप ने आज एक बयान में कहा कि सोहना में कांग्रेस का विकास का रोडमैप पूरी तरह से तैयार है और जल्द ही खटाखट-खटाखट विकास कार्य शुरू होंगे। सोहना-तावडू विधानसभा क्षेत्र से विधायक उम्मीदवारी की ताल ठोक रहे महेश घोड़ारोप की सक्रियता ने राजनीतिक नेताओं में खलबली मचा दी है। महेश घोड़ारोप ने बताया कि कांग्रेस ने सोहना क्षेत्र के विकास के लिए विस्तृत योजना बनाई है, जिसमें बुनियादी ढाँचे का सुधार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर शामिल हैं। महेश घोड़ारोप बोले हमने सोहना के हर नागरिक की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए एक मजबूत और प्रभावी रोडमैप तैयार किया है। हमारी प्राथमिकता क्षेत्र का समग्र विकास है।

घोड़ारोप की सक्रियता और उनके निरंतर प्रयासों ने अन्य राजनीतिक नेताओं की टेंशन बढ़ा दी है। वह नियमित रूप से क्षेत्र का दौरा कर जनता से मिल रहे हैं और उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं। उनके इस गतिशील और सक्रिय नेतृत्व ने उन्हें जनता के बीच लोकप्रिय बना दिया है। महेश घोड़ारोप ने कहा सोहना-तावडू विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के नेतृत्व में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी। हम सभी के सहयोग से इस क्षेत्र को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाएंगे। विकास कार्य तेजी से और पारदर्शिता के साथ किए जाएंगे। कांग्रेस के इस रोडमैप के तहत सड़कों की मरम्मत, जल निकासी की समस्या का समाधान, शिक्षा संस्थानों का आधुनिकीकरण और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार शामिल है। इसके साथ ही, युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित करने के लिए विशेष योजनाएँ भी लागू की जाएंगी। घोड़ारोप ने सोहना विधानसभा की जनता से अपील की कि वे कांग्रेस का समर्थन करें और मिलकर सोहना-तावडू के विकास में भागीदार बनें। हमारे पास एक मजबूत योजना और संकल्प है। जनता का समर्थन हमारे लिए महत्वपूर्ण है और हम उनके विश्वास को टूटने नहीं देंगे। महेश घोड़ारोप के इस आत्मविश्वास और स्पष्ट रोडमैप ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी चुनावों में यह सक्रियता और रोडमैप कांग्रेस को कितनी सफलता दिलाता है।

Comments are closed.