[post-views]

पीएम मोदी ने राजनीति में महिलाओं को नेतृत्व का अधिकार दिया है : मोहन बड़ौली

2,372

गुरुग्राम, 23 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा हरियाणा की रविवार को गुरुग्राम में विस्तारित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की।  श्री बड़ौली ने कहा कि महिला मोर्चा पूरी शिद्दत के साथ काम कर रहा है और महिलाओं के योगदान से भाजपा हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाएगी। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति में महिलाओं को आगे बढ़ाकर नेतृत्व करने का अधिकार दिया है। कार्यकारिणी में पहुंचने पर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी व अन्य नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष मीना चौहान ने पढ़ा तथा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा लतिका शर्मा ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया तथा प्रदेश महामंत्री गायत्री देवी ने मंच का संचालन किया।

प्रदेश कार्यकारिणी के पहले सत्र में बोलते हुए मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया है। आगामी विधानसभा चुनाव में महिला मोर्चा की भूमिका अग्रणी होगी। श्री बड़ौली ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा चलाई गई स्वरोजगार योजना मातृशक्ति के लिए सबसे अच्छा मंच है। जिसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, सम्मानजनक जीवन जीना और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना है। ड्रोन दीदी और लखपति दीदी मोदी सरकार की ऐसी योजना है जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर होकर अपने परिवार का सहारा बन रही है। मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं के जीवन को सरल बनाने का काम किया है। हर घर नल से जल और उज्जवला योजना से निशुल्क गैस सिलेंडर देकर महिलाओं को धूआं से मुक्ति दिलाई। उन्होंने कहा कि ऐसी अनेकों योजनाएं हैं जिनसे मातृ शक्ति सशक्त हुई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। सभी महिला कार्यकर्ता और पदाधिकारी गांव-गांव और घर-घर जाएं और महिलाओं से मिलकर उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी दें। महिलाओं को यह भी बताएं कि भाजपा सरकार सभी वर्गों का बिना भेदभाव किए समान रूप से विकास तो कर ही रही है, साथ ही महिलाओं को बराबर का दर्जा देकर मान सम्मान भी बढ़ा रही है। श्री बड़ौली ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने झूठ और मतदाताओं को लालच देकर वोट लिए हैं। हमें विपक्ष की हर चाल से सावधान रहना है और उनके छल, कपट, झूठ का मुंहतोड़ जवाब सरकार के जनहितैषी कार्यों और योजनाओं से देना है। श्री बड़ौली ने कहा कि महिला मोर्चा अच्छा काम कर रहा है और आने वाले चुनाव में मोर्चा पूरी ताकत लगाकर अपने-अपने क्षेत्र में कमल खिलाने का काम करें। श्री बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी हरियाणा की तरक्की के लिए काम कर रहे हैं। सभी बहनें बूथों पर जाकर हर घर में बताएं कि युवाओं का भविष्य और महिलाओं की तरक्की भाजपा सरकार में ही संभव है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ें और महिलाओं को कांग्रेस की झूठ और कांग्रेस के चरित्र की जानकारी दें और बताएं कि कांग्रेस का लक्ष्य झूठ के आधार पर सत्ता प्राप्त करना है, जबकि भाजपा का लक्ष्य सत्ता के माध्यम से जनता की सेवा करना है।

कार्यकारिणी में बोलते हुए संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने बूथ सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बूथ जीता चुनाव जीता के मंत्र पर चलते हुए सभी बहनें अपने बूथ को और अधिक मजबूत करें। उन्होंने यह भी कहा कि बूथों पर जाकर महिलाओं को जागरूक करें और जिन जरूरतमंद महिलाओं को सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा उनकी मदद करें। श्री शर्मा ने कहा कि सरकार की योजनाओं और कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा जनता के आशीर्वाद से हम पूर्ण बहुमत के साथ तीसरी बार भाजपा की सरकार मजबूती के साथ बनाएंगे।

Comments are closed.