[post-views]

समर्पित कार्यकर्ताओं को मिलेगा विधानसभा चुनाव में मौका : जिलाध्यक्ष कमल

3,786

गुरुग्राम, 20 अगस्त (अजय) : चुनाव आयोग द्वारा घोषित हो चुके आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने अपने रुख को स्पष्ट कर दिया है। गुरुग्राम भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव ने कहा कि इस बार पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को ही चुनाव लड़ने का मौका दिया जाएगा। गुरुग्राम जिले की चारों विधानसभा सीटों के लिए चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों के आवेदन पार्टी को मिल रहे हैं, लेकिन अंतिम निर्णय पार्टी शीर्ष नेर्त्तिव तथा भाजपा कार्यकर्ताओं की रायशुमारी, सर्वे और कार्यकर्ता समर्पण के आधार पर होगा।  कमल यादव ने कहा, भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो अपने कार्यकर्ताओं के समर्पण और निष्ठा को सर्वोपरि मानती है। हमारे कार्यकर्ता ही हमारी ताकत हैं और उनकी मेहनत से ही पार्टी इस मुकाम तक पहुंची है। इसलिए, इस बार चुनाव लड़ने के लिए उन्हीं को मौका मिलेगा जिन्होंने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण को साबित किया है। उन्होंने बताया कि विभिन्न लोग गुरुग्राम जिले की चारों विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ने के लिए अपने आवेदन दे रहे हैं। हम हर उम्मीदवार की योग्यता, उनके द्वारा किए गए कार्य और पार्टी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेंगे। इसके साथ ही, पार्टी की आंतरिक सर्वेक्षण रिपोर्ट और स्थानीय जनता की राय भी इस निर्णय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 जिलाध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा का मुख्य उद्देश्य जनता की सेवा करना और विकास को प्राथमिकता देना है। हमारा ध्यान इस बात पर है कि जो भी उम्मीदवार मैदान में उतरे, वह न सिर्फ पार्टी के प्रति वफादार हो, बल्कि जनता की समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने में भी सक्षम हो। हम एक ऐसा उम्मीदवार चुनेंगे जो गुरुग्राम के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जा सके। कमल यादव ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और संगठित पार्टी है, और पार्टी की रीति-नीति के अनुसार ही उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। “हम किसी भी प्रकार की जल्दबाजी में नहीं हैं। पार्टी पूरी सतर्कता और सोच-समझकर ही अपने प्रत्याशी घोषित करेगी,” उन्होंने अंत में कहा। गुरुग्राम में भाजपा की इस नीति से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है, वहीं संभावित उम्मीदवार भी अपनी दावेदारी को मजबूत करने के प्रयास में जुट गए हैं। चुनावी माहौल गरमाता जा रहा है, और सभी की निगाहें भाजपा के प्रत्याशी चयन पर टिकी हैं।

Comments are closed.