[post-views]

अपनी उंगली हाथ को पकड़ा दो, विकास की कमी नहीं रहने दूंगा : वर्धन यादव

4,464

गुरुग्राम, 28 सितम्बर (ब्यूरो) : बादशाहपुर विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी वर्धन यादव के समर्थन में चुनाव प्रचार करने के लिए यूथ कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.वी श्रीनिवास भी पहुंचे। क्षेत्र में पहुंचने पर उनका वर्धन यादव व कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। श्रीनिवास ने वर्धन यादव के समर्थन में बादशाहपुर की जनता से वोट मांगे। उन्होंने कहा कि विकास से वंचित रही बादशाहपुर की जनता के सामने यह बड़ा अवसर है। अपने क्षेत्र में बदलाव करके कांग्रेस प्रत्यशी वर्धन यादव को विधानसभा भेजें।
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.वी श्रीनिवास ने कहा कि पूरा हरियाणा अब कांग्रेस के साथ खड़ा है। बादशाहपुर की आहुति भी चुनाव रूपी इस महायज्ञ में डलनी चाहिए। बादशाहपुर के मतदाताओं से उनका आह्वान है कि वे रिकॉर्ड मतों से वर्धन यादव की जीत दर्ज कराएं। उनकी जीत पूरे बादशाहपुर की जीत होगी। हमें खुद वर्धन यादव बनकर चुनाव प्रचार भी करना है। लोगों को समझाना है कि अब बदलाव बहुत जरूरी है। भाजपा ने देश, प्रदेश में विकास के दावे किए, मगर धरातल पर कुछ भी नहीं किया। गुरुग्राम कहने को तो महानगर है, लेकिन यहां हालात स्लम बस्तियों जैसे बने हुए हैं। इन हालातों को सुधारने के लिए कांग्रेस सत्ता में लानी है।
कांग्रेस प्रत्याशी वर्धन यादव ने कहा कि इस बार अपना वोट खराब करने का मतलब पांच साल खराब करना है। पांच साल तक हम विकास कार्यों को तरसेंगे। बादशाहपुर के विकास की जो गाड़ी राव धर्मपाल जी ने चलाई थी, वह आज थमी हुई है। क्योंकि यहां की कमान ऐसे हाथों में रही जो खुद का ही विकास करते रहे। क्षेत्र की मूलभूत जरूरतों से उन्हें कोई मतलब नहीं रहा। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि अपनी उंगली हाथ को पकड़ा दो, विकास की कमी नहीं रहने दूंगा। कांग्रेस प्रत्याशी वर्धन यादव ने कहा कि 5 अक्टूबर को सबसे पहले मतदान के लिए हमें निकलना है। बाकी काम बाद में करने हैं। उन्हें उम्मीद ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि जनसभाओं में जुड़ रही जनता इस बार बदलाव लाकर रहेगी। दूसरे दल के झूठे वायदों पर विश्वास नहीं करेगी। वर्धन यादव ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही घोषणा पत्र पर काम शुरू हो जाएगा।

Comments are closed.