[post-views]

जनता की समस्याओं को हल करना ही होगी मेरी प्राथमिकता : कुमुदनी

3,457

गुरुग्राम, 28 सितम्बर (ब्यूरो) : हरियाणा के सबसे बड़े विधानसभा क्षेत्र बादशाहपुर से निर्दलीय विधायक प्रत्याशी कुमुदनी ने अपनी जीत को सिर्फ चुनावी जीत नहीं, बल्कि जनता की सेवा का संकल्प बताया है। कुमुदनी ने कहा कि उनकी जीत उनके पति राकेश दौलताबाद द्वारा शुरू की गई सेवा और कार्यों की निरंतरता है। उनका प्रमुख उद्देश्य जनता की समस्याओं को हल करना और क्षेत्र के विकास में योगदान देना है। राकेश दौलताबाद ने बादशाहपुर क्षेत्र के किसानों के जीवन को सरल बनाने में एक बड़ा योगदान दिया। उन्होंने 1500 किसानों की 5600 एकड़ जलमग्न भूमि के मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचाया और इस जटिल समस्या का समाधान करवाया। यह एक ऐतिहासिक कदम था, जिसने किसानों की कठिनाइयों को दूर किया और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया। इस पहल के कारण राकेश दौलताबाद को किसानों के बीच एक सशक्त और निडर नेता के रूप में पहचाना गया। किसानों के अलावा राकेश दौलताबाद ने न्यू पालम विहार की अनधिकृत कॉलोनियों को अधिकृत कॉलोनियों का दर्जा दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस प्रयास से हजारों लोगों को घर का मालिकाना हक मिला और उनकी जिंदगी में स्थिरता आई। यह उनके कार्यकाल की बड़ी उपलब्धियों में से एक मानी जाती है। अब कुमुदनी राकेश दौलताबाद की नीतियों और विचारधारा को आगे बढ़ा रही हैं। वे जनता की सेवा के प्रति पूरी तरह से ईमानदार और प्रतिबद्ध हैं। उनका मानना है कि एक मजबूत नेतृत्व ही क्षेत्र को एक नई दिशा में ले जा सकता है। उनके अनुसार, अब समय आ गया है जब जनता को सही निर्णय लेना चाहिए और अपने भविष्य के लिए एक मजबूत और दृढ़ नेतृत्व का चुनाव करना चाहिए। कुमुदनी की कार्यनीति और उनके दृढ़ संकल्प ने बादशाहपुर की जनता में उम्मीदें जगा दी हैं। उनका उद्देश्य सिर्फ राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जनता के कल्याण के लिए काम करना है। जनता को अपने अधिकारों और विकास के लिए जागरूक होकर एक नई दिशा में कदम बढ़ाने का आह्वान करते हुए कुमुदनी ने अपनी प्रतिबद्धता और सेवा भाव को जनता के समक्ष स्पष्ट किया।

Comments are closed.