गुरुग्राम, 7 फरवरी (ब्यूरो) : मानेसर निगम क्षेत्र से आगामी चुनाव में दावेदारी पेश करने वाले भाजपा नेताओं ने प्रयागराज में आस्था की डुबकी लगाकर क्षेत्र की समृद्धि और विकास की प्रार्थना की। भाजपा नेता अजीत यादव, पुष्पा यादव तथा उनके साथ स्थानीय निवासी कमल यादव, पर्मिला यादव और राहुल यादव प्रयागराज पहुंचे और त्रिवेणी संगम में स्नान कर आध्यात्मिक शक्ति प्राप्त की। त्रिवेणी संगम, जहां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती मिलती हैं, हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है। भाजपा नेताओं ने संगम में स्नान कर ईश्वर से मानेसर क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव केवल एक राजनीतिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता की सेवा का संकल्प है, जिसे पूरा करने के लिए वे समर्पित हैं। भाजपा नेताओं का मानना है कि चुनाव में सफलता के लिए जनता का आशीर्वाद और आस्था की शक्ति जरूरी है। प्रयागराज की इस यात्रा के दौरान उन्होंने मंदिरों में दर्शन किए और पुण्य लाभ प्राप्त किया। मानेसर निगम चुनाव से पहले भाजपा नेताओं की यह धार्मिक यात्रा चर्चा का विषय बनी हुई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि धार्मिक आस्था और जनता से जुड़ाव दिखाकर नेता चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं। अब देखना होगा कि चुनावी मैदान में यह आस्था कितनी असरदार साबित होती है।