[post-views]

झूठ को नकारा, दिल्ली ने फिर मोदी के विकास पर जताया भरोसा : पुष्पा अजीत यादव

4,364

गुरुग्राम, 9 फरवरी (ब्यूरो) : दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर भाजपा नेत्री पुष्पा अजीत यादव ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे जनता का ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने झूठ और नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल पर अपना भरोसा दोबारा जताया है। पुष्पा अजीत यादव ने कहा, दिल्ली की जनता ने साफ संदेश दे दिया है कि उसे सिर्फ विकास और राष्ट्रहित की राजनीति चाहिए। भाजपा सरकार ने जनता के लिए जो योजनाएँ और कार्य किए हैं, उन्हीं के आधार पर जनता ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की इस शानदार जीत से यह साबित हो गया कि जनता को अब केवल पारदर्शी और ईमानदार शासन पसंद है।

गुरुग्राम और मानेसर में भी भाजपा की जीत तय

पुष्पा अजीत यादव ने विश्वास जताया कि दिल्ली की यह जीत आगामी गुरुग्राम और मानेसर नगर निगम चुनावों में भी भाजपा की ऐतिहासिक जीत का संकेत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनहितैषी नीतियों, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के विकास और बुनियादी ढाँचे में सुधार के कारण जनता भाजपा को पसंद कर रही है।

भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल

दिल्ली में भाजपा की इस शानदार जीत पर गुरुग्राम और मानेसर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और मिठाइयाँ बाँटी। पुष्पा अजीत यादव ने सभी मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत भाजपा की नीति, सुशासन और प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व की विजय है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम और मानेसर की जनता भी दिल्ली की तरह भाजपा को भारी बहुमत से जिताकर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ेगी।

Comments are closed.