[post-views]

वि.सभा में सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही निगम चुनाव में मिलेगी प्राथमिकता : कमल यादव

3,319

गुरुग्राम, 12 जुलाई (ब्युरो) : गुरुग्राम में होने वाले आगामी निगम चुनावों में पार्षद और मेयर के टिकटों का निर्धारण भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उनके द्वारा किए जाने वाले प्रचार-प्रसार के आधार पर होगा। पार्टी और सरकार की नीतियों और कार्यों का प्रचार करने वाले कार्यकर्ताओं की भूमिका इस प्रक्रिया में अहम होगी। उक्त बातें भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव ने कही, उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत की थी, आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भी इसी तरह से समर्पित होकर कार्य करना होगा। अब पार्टी नेतृत्व ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जिन कार्यकर्ताओं ने अपनी निष्ठा और समर्पण से पार्टी की विचारधारा को मजबूत किया है, उन्हें आगामी निगम चुनावों में पार्षद और मेयर के टिकट के लिए प्राथमिकता दी जाएगी।

 कमल यादव ने कहा कि इस बार टिकट वितरण में उन कार्यकर्ताओं को विशेष महत्व दिया जाएगा जो विधानसभा चुनावों में सक्रिय भूमिका निभायेगें और अपने क्षेत्रों में पार्टी की छवि को बेहतर बनाने में योगदान देंगे। यह निर्णय न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाएगा, बल्कि संगठन में अनुशासन और समर्पण की भावना को भी मजबूत करेगा। गुरुग्राम के भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा हमारे कार्यकर्ता हमारी पार्टी की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत और समर्पण से ही हम चुनावों में सफलता प्राप्त करते हैं। आगामी निगम चुनावों में भी, हम उन्हीं कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देंगे जिन्होंने पार्टी और सरकार की नीतियों का प्रचार-प्रसार करने में अहम भूमिका निभाई है। इस कदम से पार्टी के अंदर उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बन गया है। कार्यकर्ता अब निगम चुनावों के लिए टिकट पाने के लिए और भी अधिक समर्पण और ऊर्जा के साथ काम कर रहे हैं। पार्टी नेतृत्व को विश्वास है कि यह रणनीति न केवल निगम चुनावों में सफलता दिलाएगी, बल्कि पार्टी को भी मजबूत बनाएगी।

Comments are closed.