[post-views]

कांग्रेस में मुख्यमंत्री दावेदारों की भरमार, दलितों के प्रति असली सोच उजागर : महामंत्री अजीत

4,608

गुरुग्राम, 26 अगस्त (अजय) : गुरुग्राम जिले के भाजपा किसान मोर्चा के महामंत्री अजीत यादव ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के कई दावेदार हैं, जो पार्टी की अंदरूनी खींचतान और असमंजस को दर्शाता है। यादव ने कहा एक तरफ भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को कांग्रेस का मुख्यमंत्री उम्मीदवार बताया जा रहा है, तो दूसरी तरफ कुमारी शैलजा और रणदीप सुरजेवाला भी इस पद के लिए दावेदारी कर रहे हैं। अजीत यादव ने सवाल उठाया कि जो कांग्रेस पार्टी खुद को दलितों की हमदर्द बताती है, वह अपने दलित चेहरे को मुख्यमंत्री क्यों नहीं घोषित करती ? उन्होंने कहा कांग्रेस को वोट तो दलितों का चाहिए, लेकिन मुख्यमंत्री पद के लिए भूपेन्द्र हुड्डा को आगे किया जा रहा है। यह कांग्रेस पार्टी की दलितों के प्रति असली सोच को उजागर करता है।

 उन्होंने कांग्रेस की आंतरिक स्थिति पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में एकता की कमी है और यह स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाती है कि कांग्रेस प्रदेश को कैसे चला पाएगी। यादव ने कहा कांग्रेस के नेताओं के बीच ही आपसी समन्वय नहीं है। ऐसे में ये लोग प्रदेश को किस तरह चला पाएंगे, यह एक बड़ा सवाल है। इसके विपरीत, अजीत यादव ने भाजपा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी एक अनुशासित दल है, जो शीर्ष नेतृत्व के आदेश पर काम करती है। उन्होंने कहा भाजपा में कोई आंतरिक खींचतान नहीं है, सभी नेता पार्टी की विचारधारा और अनुशासन का पालन करते हैं। यही कारण है कि भाजपा आज देश और प्रदेश में मजबूती से खड़ी है। अजीत यादव ने जनता से अपील की कि वे कांग्रेस की आंतरिक कलह और दलितों के प्रति उनके दोहरे मापदंड को समझें और आगामी चुनावों में भाजपा का समर्थन करें। उन्होंने कहा भाजपा एकमात्र पार्टी है जो सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और अनुशासन के साथ देश और प्रदेश को प्रगति के पथ पर ले जा रही है।

Comments are closed.