गुरुग्राम, 10 जनवरी (अजय) : आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों को लेकर गुरुग्राम से भाजपा नेता हरिंद्र दायमा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत की पटकथा लिखी जा चुकी है और इस बार भगवा लहर में विपक्ष का सफाया तय है। हरिंद्र दायमा ने कहा दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की नीतियों को खारिज कर दिया है। अब लोग एक मजबूत और विकासोन्मुखी सरकार के लिए भाजपा पर भरोसा जता रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने दिल्ली के हर क्षेत्र में जमीनी स्तर पर काम किया है और यह मेहनत अब रंग लाएगी। दायमा ने अपनी पार्टी की रणनीतियों पर चर्चा करते हुए बताया कि भाजपा दिल्ली में सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली नीतियों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा हमारी सरकार का लक्ष्य केवल सत्ता पाना नहीं, बल्कि दिल्ली को एक नई दिशा देना है। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में भाजपा क्रांतिकारी बदलाव लाएगी। भाजपा नेता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार ने जनता को झूठे वादों से गुमराह किया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन पूरी तरह विफल रहा है, जिससे जनता अब भाजपा को मौका देने के लिए तैयार है। भाजपा की तैयारियों को लेकर उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरी ताकत से जनता के बीच जाकर प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा दिल्ली का हर घर अब कमल के साथ है। यह चुनाव भाजपा के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।
Comments are closed.